![](https://dailylivekhabar.com/wp-content/uploads/2024/05/लौकी-1.jpg)
लौकी उन सब्जियों में से एक है जिसे देखकर बच्चे ही नहीं, बड़े भी मुंह बना लेते हैं। हालांकि, लौकी का स्वाद कुछ अलग हो सकता है, लेकिन यह सेहत के लिए अत्यंत लाभकारी है। इसके बीजों का सेवन भी कई प्रकार के फायदों से भरपूर होता है। इसे अपने आहार में शामिल करके पाचन समस्याओं से लेकर डायबिटीज तक कई बीमारियों से बचा जा सकता है।
करेला, कद्दू और तोरई की तरह लौकी भी सबसे कम पसंद की जाने वाली सब्जियों में गिनी जाती है। बच्चों से लेकर बड़ों तक, किसी को भी लौकी की सब्जी खिलाना एक चुनौती बन जाता है। इसे अप्रत्यक्ष रूप से ही खिलाना पड़ता है, लेकिन लौकी कई आवश्यक पोषक तत्वों से भरपूर होती है, जो हमारे शरीर के लिए रोजाना आवश्यक होते हैं, विशेषकर गर्मियों में इसका सेवन और भी लाभकारी होता है। लौकी के साथ-साथ इसके बीजों में भी कई स्वास्थ्यवर्धक गुण होते हैं। आज हम इन्हीं फायदों के बारे में जानेंगे।
पोषक तत्वों से भरपूर लौकी के बीज
लौकी के बीज विटामिन C, आयरन, मैग्नीशियम, फाइबर, मैंगनीज, जिंक, थायमिन और राइबोफ्लेविन से समृद्ध होते हैं। साथ ही, इनमें कैलोरी और संतृप्त वसा की मात्रा बेहद कम होती है। लौकी के बीजों में फाइटोकेमिकल्स भी पाए जाते हैं, जो फंगल संक्रमण को दूर करने में मददगार होते हैं।
लौकी के बीज पाचन स्वास्थ्य के लिए एक उत्तम समाधान
लौकी के बीजों में पाया जाने वाला फाइबर पाचन तंत्र को स्वस्थ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह फाइबर कब्ज, गैस, अपच और एसिडिटी जैसी समस्याओं से राहत दिलाने में सहायक होता है। साथ ही, इनमें सैचुरेटेड फैट नहीं होने के कारण ये हृदय रोग और डायबिटीज के मरीजों के लिए भी फायदेमंद होते हैं।
ऐसे करें लौकी के बीजों का इस्तेमाल
अगर लौकी बहुत ज्यादा पक गई है, जिसकी सब्जी बनाना पॉसिबल नहीं, तो आप उसके बीज निकाल लें। इस बीजों को धोकर धूप में अच्छे से सुखा लें। आप चाहें तो इनका पाउडर बना लें या फिर ऐसे साबुत भी कर सकते हैं इस्तेमाल।
- लौकी के बीजों को रायते में डाल सकते हैं या फिर चटनी में भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
- नाश्ते में अगर आप दलिया, ओट्स या मिलेट्स खाते हैं, तो उनमें लौकी के बीजों का पाउडर मिक्स कर सकते हैं।
- घर में बनाई जाने वाले कुकीज, मफिन, सैंडविच में भी आप इसे साबुत या पाउडर के रूप में डाल सकते हैं।